
वाहन जांच के क्रम में फंसा गांजा तस्कर, 746 ग्राम के साथ एक गिरफ्तार।
दरभंगा: कुशेश्वर स्थान थाना पुलिस ने बेर चौक पर सघन वाहन जांच के दौरान समस्तीपुर के एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 746 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के मिल्की गांव निवासी होरिल कुमार (20) के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि समस्तीपुर का एक व्यक्ति गांजा लेकर बेर चौक पहुंचने वाला है। सूचना पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पहुंचा, जिसे रोका गया। तलाशी में उसके पास से गांजा बरामद हुआ।

बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस की सतर्कता से यह कार्रवाई सफल रही। बरामद गांजा विधिवत जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति का नाम बताया, जिसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आरोपी होरिल कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

