
गरिमा लोहिया बनीं दरभंगा नगर निगम की नई नगर आयुक्त, संघर्ष और हौसले की मिसाल है उनकी कहानी।
दरभंगा: बिहार की बेटी और 2022 बैच की IAS अधिकारी गरिमा लोहिया को नई जिम्मेदारी मिली है। पटना के बाढ़ की SDO रहीं गरिमा लोहिया को अब दरभंगा नगर निगम की नई नगर आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले वे पालीगंज में SDM के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

गरिमा लोहिया की सफलता सिर्फ एक प्रशासनिक पद तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और हौसले की मिसाल भी है।
बक्सर की रहने वाली हैं गरिमा
बक्सर की रहने वाली गरिमा लोहिया ने कम उम्र में ही अपने पिता को खो दिया था। वर्ष 2015 में हार्ट अटैक से उनके पिता का निधन हो गया। वे बक्सर में कपड़ों के थोक कारोबारी थे और उनकी इच्छा थी कि उनकी बेटी आगे चलकर IAS अधिकारी बने।
पिता के निधन के बाद परिवार के सामने मुश्किल दौर आया, लेकिन गरिमा की मां ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने परिवार को संभालने के साथ-साथ बेटी के IAS बनने के सपने को भी जीवित रखा।
बक्सर से दिल्ली तक की पढ़ाई
गरिमा की शुरुआती शिक्षा बक्सर के वुडस्टॉक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने सनबीम भगवानपुर से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। आगे उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से बीकॉम की डिग्री हासिल की।
गरिमा दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी करना चाहती थीं, लेकिन कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के चलते उन्हें वापस बक्सर लौटना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।
पहले प्रयास में मिली असफलता
घर लौटने के बाद गरिमा ने YouTube और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से UPSC की तैयारी शुरू की। सीमित संसाधनों और उपयुक्त स्टडी मटेरियल की कमी के कारण उन्हें पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली।
लेकिन उन्होंने असफलता को अपने लक्ष्य के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। पहले प्रयास से मिली सीख के बाद उन्होंने और अधिक मेहनत के साथ अपनी तैयारी जारी रखी।
UPSC 2022 में हासिल की AIR-2
गरिमा लोहिया ने वर्ष 2022 की UPSC सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में दूसरी रैंक यानी AIR-2 हासिल कर इतिहास रच दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी बड़ी कोचिंग के घर से पढ़ाई करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
गरिमा अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देती हैं। बताया जाता है कि जब गरिमा देर रात तक पढ़ाई करती थीं, तब उनकी मां भी उनके साथ जागती थीं। मां के इस अटूट सहयोग और गरिमा की मेहनत ने उनके सपने को हकीकत में बदल दिया।
आज गरिमा लोहिया बिहार कैडर की IAS अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। अब दरभंगा नगर निगम की नगर आयुक्त के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

