
लहेरियासराय से पटना जाना हुआ आसान, नमो भारत और जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी का होगा ठहराव।
दरभंगा: लहेरियासराय रेलवे स्टेशन से पटना की यात्रा अब और सुगम होने वाली है। रेलवे मंत्रालय ने लहेरियासराय स्टेशन पर जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड ट्रेन और जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है। शीघ्र ही दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू किया जाएगा।

स्थानीय सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपालजी ठाकुर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पत्र के हवाले से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लहेरियासराय स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर उन्होंने 11 और 13 अगस्त 2026 को रेल मंत्री से मुलाकात कर पत्र सौंपा था। इससे पहले भी रेलवे स्टैंडिंग कमेटी की बैठकों में लगातार इस मुद्दे को उठाया गया था।

सांसद ने कहा कि गाड़ी संख्या 94803/94804 जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड ट्रेन तथा गाड़ी संख्या 13211/13212 जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के लहेरियासराय में ठहराव से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों के समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि लहेरियासराय एक पुराना और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। जयनगर, सीतामढ़ी और झंझारपुर की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित देश के प्रमुख महानगरों की ओर जाने वाली अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए भी पहल की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अन्य ट्रेनों के ठहराव को भी मंजूरी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दरभंगा के साथ लहेरियासराय रेलवे स्टेशन को भी विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। स्टेशन के आसपास यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

सांसद ने नमो भारत रैपिड ट्रेन और इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मंजूरी के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन दोनों ट्रेनों के ठहराव से लहेरियासराय से बिहार की राजधानी पटना की यात्रा यात्रियों के लिए काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

