
मंदिर में घुसे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी, पुजारी को जान से मारने की धमकी देकर की चोरी।
राघोपुर में मंदिर की सुरक्षा पर सवाल, मुकुट, पोशाक, आभूषण व 5000 रुपये नकद ले गए बदमाश
दरभंगा: नेहरा थाना क्षेत्र के राघोपुर स्थित पुजारी बाबा स्मारक सह रामजानकी मंदिर में बीती रात 5-6 की संख्या में पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। अपराधी लाठी-डंडे व हथियार से लैस होकर मंदिर में दाखिल हुए और पुजारी को जान से मारने की धमकी देकर मंदिर से भगवान का मुकुट, पोशाक, आभूषण व अन्य कीमती सामान के साथ करीब 5000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना को लेकर मंदिर के पुजारी ने नेहरा थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में पुजारी ने बताया है कि रात करीब 12:30 बजे 5-6 अज्ञात लोग मंदिर में घुस आए। अपराधियों के हाथ में लाठी-डंडे व हथियार थे। मंदिर में प्रवेश करने के बाद कुछ अपराधियों ने पुजारी के शयनकक्ष के पास पहरेदारी शुरू कर दी।
पुजारी के अनुसार, अपराधियों द्वारा चोरी का विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और बिस्तर पर ही लेटे रहने को कहा गया। इसके बाद अपराधियों ने मंदिर में रखे भगवान के मुकुट, पोशाक, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान के अलावा पुजारी के करीब 5000 रुपये नकद भी ले लिए।

पुजारी ने आवेदन में बताया है कि घटना के बाद सुबह उन्होंने मंदिर कमेटी के सदस्यों और ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा 112 नंबर पर फोन कर थाना प्रशासन को घटना की सूचना देने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
व्यस्त सड़क पर मंदिर में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इधर, सकरी-धरोड़ा मुख्य सड़क पर हीरा फ्यूल पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित मंदिर में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह इलाका काफी व्यस्त है। इसके बावजूद अपराधियों का हथियार के साथ मंदिर में प्रवेश करना, पुजारी को धमकाना और चोरी की घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा चोरी गए मंदिर के सामान की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना है कि पुजारी बाबा स्मारक सह रामजानकी मंदिर में हुई इस दुस्साहसिक चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कब तक हो पाती है और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है।


