
पुराने रूट पर ही पूरा हो सकरी-हसनपुर रेल परियोजना, हरनगर में धरना।
रेल परिचालन नियमित करने और महानगरों के लिए ट्रेन शुरू करने की भी उठी मांग
दरभंगा। सकरी-हसनपुर रेल परियोजना के तहत हरनगर-बिथान वाया कुशेश्वरस्थान रेल लाइन का निर्माण पुराने निर्धारित रूट पर ही कराने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को हरनगर स्टेशन पर एक दिवसीय धरना दिया गया। बाबा कुशेश्वरधाम रेल परिचालन संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित धरने की अध्यक्षता मधुकांत झा मिन्टू ने की।
धरनार्थियों ने हरनगर-बिथान के बीच पुराने रूट पर रेल लाइन का निर्माण कराने, दरभंगा-हरनगर के बीच चलने वाली ट्रेन का नियमित एवं समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने तथा हरनगर स्टेशन से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित अन्य महानगरों के लिए रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। धरनार्थियों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और मांग-पत्र हरनगर स्टेशन मास्टर को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हरनगर से कुशेश्वरस्थान तक पुराने रूट पर रेल लाइन का निर्माण नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि रेल परियोजना को लेकर रेलवे की नीति अटकाने, लटकाने और भटकाने वाली रही है।
वक्ताओं के अनुसार, पक्षी विहार के कारण पुराने रूट पर रेल लाइन निर्माण में बाधा बताई गई थी, लेकिन अब इस क्षेत्र में विदेशी पक्षियों का आना लगभग बंद हो गया है। उनका दावा है कि पुराने रूट पर करीब 80 प्रतिशत कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। ऐसे में नए रूट पर जाने से जमीन अधिग्रहण के साथ रेल लाइन, पुल-पुलिया आदि के निर्माण में रेलवे को अतिरिक्त करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं और परियोजना में भी अधिक समय लग सकता है।
धरनार्थियों ने कहा कि पुराने रूट पर कम समय और कम खर्च में परियोजना को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने रेल मंत्री से सकरी-हसनपुर रेल परियोजना के हरनगर-बिथान खंड का निर्माण पुराने रूट पर ही कराने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षाविद शंकर कुमार झा, मुखिया संघ के अध्यक्ष विमल चन्द्र खां, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि राम शंकर शर्मा, सीपीआई अंचल मंत्री ब्रजभूषण सिंह, राम अनुज यादव, युवा जदयू के पूर्व प्रदेश महासचिव गौरव कुमार राय, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद शत्रुघ्न पासवान, जीवछ हजारी पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष रौशन कुमार राय, लोजपा (आर) के प्रखंड अध्यक्ष गणेश पाठक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

