
हेलमेट की आड़ में मिनी कंटेनर से 876 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध टीम ने विशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल में एक मिनी कंटेनर (टाटा 407) से 876.960 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। टीम ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मिनी कंटेनर से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब भरौल इलाके में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने रात में भरौल के पास वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान टाटा 407 मिनी कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। शराब को हेलमेट से ढककर छिपाने की कोशिश की गई थी। टीम ने शराब के साथ कंटेनर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार चालक के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शराब के स्रोत और इसके कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

