
डकैती कांड के विरोध में भारी आक्रोश; मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नेतृत्व में बहादुरपुर थाना का घेराव।
दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड के डरहार पंचायत स्थित डरहार गांव में 9 जुलाई की देर शाम हुई चर्चित डकैती कांड के खिलाफ बुधवार को मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बहादुरपुर थाना का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र आरोपी गिरफ्तार करने, मामले का त्वरित उद्भेदन और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने थाना प्रभारी को एक मांग पत्र सौंपा। सभा को संबोधित वक्ताओं ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस गंभीर वारदात के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को पकड़ने में विफल रही है, जिससे इलाके में भय और आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

एमएसयू के स्थानीय नेता क्रांतिकारी ने कहा कि डरहार डकैती केवल एक परिवार पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, एमएसयू के पदाधिकारी तथा पंचायत के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई की देर शाम बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पवन मिश्रा के घर पांच हथियारबंद बदमाशों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया था। हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और उस समय घर में मौजूद चिकित्सक की छोटी पुत्रवधू करिश्मा देवी (22) तथा उनकी डेढ़ वर्षीय बच्ची को बंधक बनाकर उत्पीड़ित किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों व पुलिस सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने करिश्मा देवी के साथ मारपीट की, उसके बाल काट दिए, हाथ-पैर बांधकर उनकी पीठ में इंजेक्शन लगाकर उन्हें बेहोश कर दिया। पुलिस को मिली तफ्तीश में लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 35 हजार रुपये नगद लूटे जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना के तुरंत बाद और अब भी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मासूमों की सुरक्षा के लिए कड़ा आग्रह किया है। पुलिस ने घटना की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है।

