
कर्ज को लेकर विवाद के बाद पत्नी की गला काटकर हत्या, पति फरार।
दरभंगा: जिले के बाजितपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद महिला का पति परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। गुरुवार की सुबह महिला के छोटे बेटे ने मां का शव देखा, जिसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।

मृतका की पहचान बाजितपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रमिला देवी (38) के रूप में की गई है। हत्या के आरोप में महिला का पति रामसुफल चौधरी (45) फरार बताया जा रहा है।

घटनास्थल का दृश्य काफी भयावह था। महिला का कटा हुआ सिर उसकी गोद में रखा हुआ था। ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि रामसुफल चौधरी पर काफी कर्ज था, जिसके कारण वह लंबे समय से परेशान रहता था। कर्ज को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के दौरान बुधवार की रात रामसुफल चौधरी ने धारदार हथियार से पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही बाजितपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी पति और परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं।
पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

