Home Featured बाल श्रम और उत्पीड़न के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार।

बाल श्रम और उत्पीड़न के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार।

दरभंगा: जिले के नेहरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में नाबालिग बच्चों से कथित रूप से बाल श्रम कराने और उनके साथ मारपीट एवं उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगदीशपुर निवासी दिलीप सहनी और उनकी पत्नी नदिया देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दिलीप सहनी मूल रूप से बहेड़ा थाना क्षेत्र के घोंघिया गांव के निवासी हैं और वर्तमान में अपने ससुराल जगदीशपुर में रह रहे थे।

नेहरा थाना अध्यक्ष मोती कुमार ने बताया कि बिरौल थाना के अपर थानाध्यक्ष सह बाल कल्याण पदाधिकारी मुकेश कुमार के आवेदन पर दोनों के विरुद्ध बाल श्रम और बाल उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार 5 अगस्त की सुबह दिवा गश्ती के दौरान एसएच-17 स्थित कोठी पुल के समीप पुलिस टीम ने देखा कि आरोपित दंपति चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस वाहन को देखकर बच्चे सहायता के लिए पहुंचे और बताया कि उन्हें जगदीशपुर में मखाना फोड़ने के काम में दिन-रात लगाया जाता था तथा विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। बच्चों ने यह भी बताया कि वे तड़के वहां से भाग निकले थे, लेकिन आरोपित दंपति उनका पीछा करते हुए उन्हें दोबारा अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे।

पूछताछ के दौरान आरोपित दिलीप सहनी ने स्वीकार किया कि बच्चों को मासिक पारिश्रमिक पर काम के लिए रखा गया था तथा उनके परिजनों को अग्रिम राशि भी दी गई थी।

थाना अध्यक्ष मोती कुमार ने बताया कि मामले में बाल श्रम अधिनियम एवं बाल उत्पीड़न से संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share