
होमगार्ड में नौकरी मिलते ही बदली पत्नी, पति ने SSP से लगाई न्याय की गुहार।
दरभंगा: एक तरफ जहां लोग अपनों को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, वहीं सफलता मिलने के बाद रिश्तों में बदलाव के आरोपों से जुड़े मामले भी सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला दरभंगा से सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी होमगार्ड जवान पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित अनिल कुमार शर्मा के अनुसार, उनकी शादी वर्ष 2016-17 में हुई थी। उस समय उनकी पत्नी आठवीं कक्षा तक पढ़ी थीं। अनिल का दावा है कि उन्होंने मजदूरी कर पत्नी की पढ़ाई जारी रखवाई और वर्ष 2025 में होमगार्ड की नौकरी दिलाने में हरसंभव सहयोग किया।

अनिल का आरोप है कि नौकरी मिलने के महज दो-तीन महीने बाद ही पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। मब्बी थाना में पहली पोस्टिंग मिलने के बाद उसने पति और उनके छह वर्षीय बेटे से दूरी बना ली।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पिछले आठ-नौ महीनों से पत्नी उसके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार कर रही है और बातचीत भी बंद कर दी है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वह थाना के एक चालक के संपर्क में है और उसी के साथ रहती है। अनिल का कहना है कि दरभंगा आने या संपर्क करने पर उसे जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि पत्नी अपने छह वर्षीय बेटे की भी कोई सुध नहीं ले रही है। उसने बताया कि इस संबंध में उसने ससुराल पक्ष और पत्नी के पिता से भी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उसका कहना है कि ससुराल पक्ष भी उसे पत्नी का पीछा छोड़ देने की सलाह दे रहा है।

अनिल कुमार शर्मा ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने मासूम बेटे को न्याय दिलाने की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

