
अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, 10 गिरफ्तार।
शराब कारोबारियों और उनके परिजनों पर पुलिस टीम को घेरने, वाहन के शीशे तोड़ने और आरोपी को छुड़ाने का आरोप
दरभंगा: जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर कथित रूप से शराब कारोबारियों और उनके परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। घटना रैयाम थाना क्षेत्र के बंसरा ठीकरा टोल में हुई। हमलावरों ने पुलिस टीम को घेर लिया और रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर आवागमन बाधित कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए और पुलिस की गिरफ्त में लिए गए एक आरोपी को छुड़ा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया। आसपास के थानों से पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। इसके अलावा जिला स्तर से भी अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
प्रभारी सदर एसडीपीओ एस.के. सुमन ने 10 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम को बंसरा गांव में अवैध देसी शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए टीम गांव पहुंची थी।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर टीम की आवाजाही रोकने का प्रयास किया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। इसी का फायदा उठाकर हमलावरों ने महावीर साहनी नामक आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया।
इसके बाद पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया और उसके शीशे तोड़ दिए गए। हालांकि, घटना में किसी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में इलाके में छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
एसडीपीओ एस.के. सुमन ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ-साथ पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

