
अवैध नर्सिंग होम पर सीएस की कार्रवाई, हॉस्पिटल सील।
दरभंगा: मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र की नेहरा पूर्वी पंचायत के नेहरा लुल्हवा चौक स्थित एक मकान में कथित रूप से बिना अनुज्ञप्ति संचालित मिथिला इमरजेंसी हॉस्पिटल को सिविल सर्जन (सीएस) डॉ. अरुण कुमार ने सोमवार को छापेमारी के बाद सील कर दिया।

बताया जाता है कि श्याम सहनी के मकान में संचालित इस अस्पताल के संबंध में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि अस्पताल बिना आवश्यक अनुज्ञप्ति और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के विपरीत वर्षों से संचालित हो रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष इसी अस्पताल में इलाज के दौरान जगदीशपुर गांव निवासी एवं भाजपा नेता बच्चा बाबू सहनी की मौत हो गई थी। घटना के बाद लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा भी किया था।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को सीएस के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल में छापेमारी की। जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। सीएस डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई पर भी उठे सवाल
वहीं, स्थानीय लोगों ने सीएस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे महज खानापूरी बताया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल के केवल तीन कमरों में ताला लगाया गया, जबकि लैब रूम समेत कई अन्य कमरे खुले रह गए।
लोगों ने यह भी बताया कि एक ही मकान में कथित रूप से नर्सिंग होम के साथ व्यावसायिक विवाह भवन भी संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विवाह भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यहां भी किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से अस्पताल को सील किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है। स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

