
दरभंगा में अपराधियों ने फिर दिखाया दुस्साहस, स्वर्ण व्यवसायी को रास्ते मे घेरकर लूटा।
दरभंगा: सोमवार की रात अपराधियों ने फिर एकबार दुस्साहस दिखाया है। जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लेने का मामला साममे आया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित सिंहवाड़ा नगर पंचायत वार्ड संख्या-एक निवासी शिबू ठाकुर पिछले करीब 10 वर्षों से सिमरी थाना क्षेत्र के बिरदीपुर चौक पर गायत्री ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार नामक दुकान चला रहे हैं।

बताया जाता है कि सोमवार की रात करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर शिबू ठाकुर अपने पिता अमीरी ठाकुर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। शिवगंगा गोदाम के समीप पहुंचते ही पहले से घात लगाए एक बदमाश ने बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया और उनकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया।

इसके तुरंत बाद पीछे से दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य बदमाश भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ धक्का-मुक्की की और बाइक की डिक्की तोड़ दी। डिक्की में रखे लाल रंग के झोले में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिसे बदमाश लेकर फरार हो गए।

लूटे गए सामान में करीब साढ़े तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण में पायल, सिकड़ी, बिछिया, हाथशंकर आदि और करीब 80 से 85 ग्राम सोने के जेवर में नोज पिन, अंगूठी, ढोलना, हनुमानी, मंगलसूत्र, झुमका, बाली तथा अन्य अर्द्ध निर्मित आभूषण शामिल हैं।

इसके अलावा बदमाशों ने व्यवसायी की जेब से करीब 2500 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक कागजात भी छीन लिए। अंधेरा होने की वजह पिता-पुत्र अपराधियों की पहचान नहीं कर सके। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बाइक से बिरदीपुर की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार ने तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस बाबत सिमरी थाना में कांड संख्या 106/26 दर्ज किया गया है।

