
वृहद आश्रय गृह में डीएम-एसएसपी की गहन पड़ताल, बच्चों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
दरभंगा: भराठी स्थित वृहद आश्रय गृह में मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त रूप से गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आश्रय गृह में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की भी मौके पर पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सबसे पहले आश्रय गृह के प्रवेश द्वार और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रवेश द्वार पर तैनात होमगार्ड जवान को पूरी सक्रियता और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने आश्रय गृह में बच्चों के रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित कर्मियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने मौके पर उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति भी देखी।
खास बात यह रही कि डीएम ने आश्रय गृह में रह रहे बच्चों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, समय पर भोजन मिलने, स्वास्थ्य सुविधाओं, परिसर की साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बच्चों से मिले फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने भी आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा में तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
डीएम और एसएसपी के संयुक्त निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आश्रय गृह की व्यवस्थाओं को करीब से देखा। निरीक्षण का मुख्य फोकस बच्चों की सुरक्षा के साथ उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, विशेष पुलिस इकाई के नोडल पदाधिकारी उदय शंकर, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अनिमेष कुमार चन्द्र, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

