
बहेड़ी थाना क्षेत्र में आए दिन हो रही वारदात, गोलीकांड के बाद अब मंदिर में भीषण चोरी।
दरभंगा: बहेरी थाना क्षेत्र के जोरजा गांव स्थित शिव-दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश कर कई मूल्यवान वस्तुएं और नकदी चोरी कर ली। ग्रामीणों के अनुसार चोरी की कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। घटना गुरुवार सुबह मंदिर खुलने पर सामने आई, तब ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने बताया कि चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और वहां से माता रानी का चांदी का मुकुट, सोने की नथिया, सोने का हार, सोने का ढोलना, चांदी की थालियाँ सहित अन्य पूजा सामग्री व दानपेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण में शामिल हुए और मौके से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच भी की जा रही है।

स्थानीय ग्रामीण हरि सिंह व मिंटू सिंह ने बताया कि इसी मंदिर में पहले भी दो-तीन बार चोरी की घटनाएँ हो चुकी थीं, जिनमें तब आपसी सहयोग से क्षति की भरपाई कर दी गई थी और पुलिस में रिपोर्ट नहीं की गई थी। इस बार चोरी बड़ी होने के कारण पुलिस को सूचना दी गई। गांव के सोनू सिंह ने पुजारी व चौकीदार की भूमिका पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि गर्भगृह तक आम लोगों का प्रवेश नहीं होता और उसकी चाबी आमतौर पर पुजारी के पास रहती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के समय मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब थे और चौकीदार के खिलाफ पहले भी शराब के नशे में ड्यूटी करने की शिकायतें रही हैं।

बहेरी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और बरामदगी की कोशिश की जा रही है।

