
ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी।
दरभंगा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में रविवार को कुशेश्वरस्थान प्रखंड अंतर्गत मसानखोण स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-123 पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर नालसा की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए शिविर लगाया गया है। इसका उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूकता के साथ समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी इस अभियान का उद्देश्य है।
कार्यक्रम में भ्रूणहत्या, दहेज प्रतिषेध, बाल विवाह, युवाओं एवं बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता, वीर परिवार सहायता योजना और स्थायी लोक अदालत सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।
प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने आगामी 12 सितंबर को बिरौल न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से लोक अदालत के माध्यम से मामलों के सरल एवं त्वरित समाधान का लाभ उठाने की अपील की।
मौके पर पारा विधिक स्वयंसेवक रामनाथ यादव, वार्ड पार्षद आशुतोष साह, आंगनबाड़ी सेविका सिंधु कुमारी, सहायिका झटीही देवी, नागेश्वर प्रसाद सिंह, विपीन कुमार सिंह, राहुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

