
कृषि जन-कल्याण चौपाल में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।
दरभंगा: बिहार सरकार के कृषि विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को उघड़ा पंचायत में “कृषि जन-कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खरीफ खेती से संबंधित आधुनिक तकनीकों, फसल-सुरक्षा उपायों तथा राज्य व केन्द्र की कृषि योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना था। मौके पर कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, प्रखण्ड स्तरीय कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे।

चौपाल के दौरान किसानों को खरीफ मौसम में अपनाई जाने वाली उपयुक्त फसल-योजनाओं, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जल संरक्षण के उपाय और बृजामृत के सही प्रयोग से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फसलों में होने वाले कीट एवं रोग नियंत्रण के व्यावहारिक उपायों पर भी चर्चा की गयी। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने किसानों की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित समाधान पर भी मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न अनुदान व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गयी। किसानों को फार्मर-आईडी बनवाने, बोरिंग पर मिलने वाले अनुदान तथा अन्य लाभों को पाने की प्रक्रिया के बारे में निर्देश दिए गए। प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक सनी कुमार, किसान सलाहकार पंकज कुमार झा तथा प्रखण्ड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष सुदिष्ट चंद्र झा की अध्यक्षता में चौपाल का संचालन किया गया।

स्थानीय कृषक नेता व उपस्थित किसानों ने ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताया और कहा कि नियमित रूप से प्रशिक्षण व सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने पर उत्पादन व आय में वृद्धि संभव है। आयोजकों ने भविष्य में और भी क्षेत्रीय चौपालों के आयोजन का आश्वासन दिया।

