
दरोगा को रिश्वत मांगना पड़ा महंगा, ऑडियो वायरल होने पर एसएसपी ने किया सस्पेंड।
दरभंगा: दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने रिश्वत मांगने के आरोप में एससी-एसटी थाना में तैनात एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित से फोन पर पैसे मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एससी-एसटी थाना में पदस्थापित दारोगा कृष्णदेव मरांडी पर कांड संख्या 94/25 के पीड़ित छेदी पासवान से फोन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। मामले से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की जांच एससी-एसटी थाना अध्यक्ष अनिल कुमार रजक को सौंपी गई। जांच के दौरान वायरल ऑडियो में दारोगा कृष्णदेव मरांडी की आवाज स्पष्ट रूप से पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की।
दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने मामले को गंभीर मानते हुए दारोगा कृष्णदेव मरांडी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर पुलिस केंद्र, दरभंगा में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

