Home Featured निर्बाध बिजली आपूर्ति और शिकायतों के त्वरित निपटारे का निर्देश।
Featured - मुख्य - October 8, 2026

निर्बाध बिजली आपूर्ति और शिकायतों के त्वरित निपटारे का निर्देश।

दरभंगा: जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने और बिजली विभाग की विभिन्न योजनाओं व परियोजनाओं में तेजी लाने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक हुई। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्युत आपूर्ति अंचल दरभंगा के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, फीडर एवं वितरण ट्रांसफॉर्मर में खराबी के बाद आपूर्ति बहाल करने, उपभोक्ता शिकायतों के निपटारे, राजस्व वसूली, बकाया राशि की वसूली, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, नए विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण और नए बिजली कनेक्शन देने की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को सभी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फीडर या वितरण ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने पर बिजली आपूर्ति बहाल करने में कम से कम समय लगना चाहिए। इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया। उपभोक्ताओं की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और बिजली बिल में जरूरी सुधार निर्धारित समय-सीमा के भीतर करने का भी निर्देश दिया गया।

राजस्व एवं बकाया वसूली की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया गया। बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने और बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में राज्य अतिरिक्त अनुदान से संबंधित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

परियोजना कार्यों और नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण की समीक्षा करते हुए प्रबंध निदेशक ने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप काम पूरा करने का निर्देश दिया। नए विद्युत सेवा कनेक्शन देने में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही गई। अधिकारियों को एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में निदेशक (परियोजना) आईसी यादव, महाप्रबंधक (राजस्व) जयजीत रॉय, मुख्य अभियंता (संचालन एवं संपोषण) बिनोद कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सहित विद्युत कार्यपालक अभियंता, वरीय प्रबंधक, सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता, सूचना प्रौद्योगिकी टीम और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

रामनगर विद्युत उपकेंद्र का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नवनिर्मित रामनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने देकुली में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ता के परिसर में निःशुल्क लगाए जा रहे सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।

Share