
कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन‑वे लागू करने का निर्देश।
दरभंगा: जिलाधिकारी ने शहर में यातायात सुधार के लिए विस्तृत समीक्षा बैठक कर कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे लागू करने, अतिक्रमण हटाने और नो‑ट्रैफिक जोन विकसित करने के निर्देश दिए।

दरभंगा निवासी जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क अतिक्रमण और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन पर चर्चा की गई। बैठक में शहर में यातायात संरचना को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे जाम कम होंगे और आवागमन अधिक सुचारू होगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस व्यवस्था के बावजूद एम्बुलेंस व आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का संचालन निर्बाध रहेगा और किसी भी परिस्थिति में इन सेवाओं में बाधा नहीं आने दी जाएगी।

लहेरियासराय टावर से लोहिया चौक तक सड़क के दोनों ओर लगे ठेला, सब्जी‑फल विक्रेता एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के लिए भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि चयनित क्षेत्रों को नो‑ट्रैफिक जोन के रूप में विकसित किया जाए तथा वहां प्रभावी यातायात नियंत्रण व प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रकों के अनधिकृत ठहराव व पार्किंग पर भी कड़ा रुख अपनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित थानाध्यक्षों को इसकी नियमित निगरानी और अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

