Home Featured एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई को लेकर खनन योजना बनाने का निर्देश
Featured - मुख्य - 1 hour ago

एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई को लेकर खनन योजना बनाने का निर्देश

दरभंगा: जिले की नदियों में जमा सिल्ट, गाद और बालू के सर्वेक्षण तथा उसके नियमानुसार उपयोग को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न नदियों में उपलब्ध सिल्ट, गाद एवं बालू की स्थिति, सर्वेक्षण और उसके उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

Advertisement

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में मिट्टी भराई के लिए आवश्यक मिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित संवेदक नियमानुसार खनन योजना तैयार करें। तैयार खनन योजना को खनिज विकास पदाधिकारी से अनुमोदित कराने के बाद पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार से आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त की जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने खनिज विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी को संबंधित विभागों और पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा-1 के अभियंताओं ने संबंधित नदियों में चिन्हित गाद और सिल्ट की स्थिति की जानकारी दी। डीएम ने चिन्हित स्थलों पर उपलब्ध सामग्री का आवश्यक सर्वेक्षण और आकलन कर खनिज विकास पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में खनिज विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी सहित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा एवं दरभंगा-1 के अभियंता और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Share