
पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, आयुक्त ने अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने का दिया सख्त निर्देश।
दरभंगा: दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रगति को लेकर आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में प्रमंडलीय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पंचायती राज विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने पंचायत सरकार भवन निर्माण के सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में भवन निर्माण का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द कार्य शुरू कराया जाए।
उन्होंने सभी जिला पंचायती राज पदाधिकारियों को पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कन्या विवाह मंडप और मुक्तिधाम निर्माण की भी समीक्षा
बैठक के दौरान कन्या विवाह मंडप और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों की भी बारी-बारी से समीक्षा की गई। आयुक्त ने स्वीकृत सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जरूरी सामाजिक और सामुदायिक सुविधाएं समय पर मिल सकें।
मुक्तिधाम के आसपास आम के पेड़ लगाने का निर्देश
आयुक्त ने मुक्तिधाम के आसपास पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए आम के पेड़ लगाने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल किए जाएं। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, जिला जन संपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


