
अपहृत नाबालिग छात्रा सकुशल बरामद, चार फरार।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र से 11 अप्रैल को लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पुलिस ने शुक्रवार को सकुशल बरामद कर लिया। कोर्ट में पेश कर उसका बयान दर्ज कराया गया है। फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज।

पीड़िता 11 अप्रैल को सुबह करीब नौ बजे सिमरी हाई स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। दोपहर में स्कूल छुट्टी के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बावजूद सुराग न मिलने पर सिमरी थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

पीड़िता के पिता ने साले जगरनाथ महतो के बेटों शांतनु कुमार (23) व विकास कुमार (21), तथा मो. इमरान (23) व विक्रम कुमार (22) पर अपहरण का आरोप लगाया। सभी आरोपी मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र के गंगीया नवादा निवासी हैं। परिजनों के अनुसार, रिश्तेदारी के चलते आरोपियों का घर आना-जाना था, जिसका फायदा उठाया गया। बरामदगी की सूचना पर आरोपियों के परिजनों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी भी दी।

सदर टू एसडीपीओ कमतौल शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि छात्रा को बरामद कर मेडिकल जांच कराई गई। उसके बाद न्यायालय में पेश कर बयान दर्ज कराया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में सक्रिय है।

