Home Featured रिकवरी रूम में मिला लैब टेक्निशियन का शव, अस्पताल में मचा हड़कंप!

रिकवरी रूम में मिला लैब टेक्निशियन का शव, अस्पताल में मचा हड़कंप!

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के रहमगंज पुलिया से कुंवर सिंह कॉलेज जाने वाली सड़क स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार की सुबह रिकवरी रूम से एक लैब टेक्निशियन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं।

Advertisement

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चौपारा थाना क्षेत्र के छड़ीबीरा गांव निवासी रतिराव उरांव के पुत्र मनोज उरांव (24) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मनोज पिछले छह-सात महीने से उक्त निजी अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थे।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ-2 भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है। फुटेज में मनोज बुधवार रात करीब 11 बजे रिकवरी रूम में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद गुरुवार सुबह तक किसी अन्य व्यक्ति के उस कमरे में प्रवेश करने का फुटेज सामने नहीं आया है।

गुरुवार सुबह सफाई कर्मी रिकवरी रूम में पहुंचे तो मनोज का शव पड़ा मिला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

एसडीपीओ के अनुसार, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई नमूने लिए हैं। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक का ब्लड सैंपल भी लिया जाएगा, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रथमदृष्टया मौत में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता प्रतीत नहीं हो रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मनोज की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Share