Home Featured भू-अर्जन परियोजनाओं में तेजी लाएं, रैयतों को जल्द मिले मुआवजा : डीएम।
Featured - मुख्य - 16 hours ago

भू-अर्जन परियोजनाओं में तेजी लाएं, रैयतों को जल्द मिले मुआवजा : डीएम।

दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय कक्ष में भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े अधियाची विभागों के प्रतिनिधियों के अलावा भवन निर्माण विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

Advertisement

समीक्षा के दौरान डीएम ने परियोजनावार भू-अर्जन की स्थिति, संबंधित मामलों में की जा रही कार्रवाई, रैयतों को मुआवजा भुगतान और परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि भू-अर्जन से संबंधित प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन रैयतों को मुआवजा दिया जाना है, उन्हें उपलब्ध राशि के आधार पर नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर आने वाली बाधा का त्वरित समाधान करने को कहा। साथ ही परियोजनाओं की प्रगति की अद्यतन स्थिति समय-समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि भू-अर्जन से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश, सदर एवं बहादुरपुर के अंचलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।

Share