Home Featured तीन महीने से रिसाव के बाद फटी नल-जल टंकी, घर ध्वस्त; शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत।
Featured - मुख्य - 3 days ago

तीन महीने से रिसाव के बाद फटी नल-जल टंकी, घर ध्वस्त; शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत।

देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆 

दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड के रामभद्रपुर पंचायत अंतर्गत श्रीदिलपुर वार्ड संख्या-05 में नल-जल योजना की पानी की टंकी फटने से एक व्यवसायिक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हादसे में घर में लगी मोटरयुक्त गेहूं पिसाई मशीन और धान कुटाई मशीन भी पानी में खराब हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी से पिछले तीन महीने से अधिक समय से पानी का रिसाव हो रहा था, लेकिन शिकायत के बावजूद समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।

Advertisement

गुरुवार को अचानक तेज धमाके के साथ टंकी फट गई। बड़ी मात्रा में पानी निकलने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। पानी के तेज दबाव से मनमोहन ठाकुर का व्यवसायिक घर धराशायी हो गया। घटना के समय आसपास कई लोग और बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों के मुताबिक, टंकी में लंबे समय से रिसाव की समस्या थी। इसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को दी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टंकी की जांच और मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

हादसे के बाद पंचायत स्तर पर जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। बताया गया कि मुखिया का मोबाइल स्विच ऑफ था, जबकि वार्ड सदस्य श्याम झा ने फोन नहीं उठाया।

जेई ने कहा- जानकारी मिली है, देखते हैं

मामले में पीएचईडी विभाग के जेई पवन कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा, “जानकारी मिली है। देखते हैं।”

हादसे के बाद नल-जल योजना की टंकी की गुणवत्ता, नियमित रखरखाव और शिकायतों पर विभागीय कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जांच और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीएचईडी विभाग से टंकी फटने के कारणों की जांच, निर्माण एवं गुणवत्ता की तकनीकी जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित मनमोहन ठाकुर के ध्वस्त हुए व्यवसायिक घर तथा खराब हुई मशीनों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।

Share