
आंगनबाड़ी केंद्र पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम, बाल अधिकारों की दी जानकारी।
दरभंगा: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर बेनीपुर प्रखंड के सझुआर पंचायत स्थित बिकुपट्टी आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-283 पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ओर से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बाल हितैषी योजनाएं लागू की गई हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार को दी गई है। पैनल अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों के सहयोग से बच्चों को बाल अनुकूल कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बालश्रम, शिक्षा का अधिकार और बच्चों के भरण-पोषण सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने विवादों के वैकल्पिक निपटारे के लिए स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान-3.0 तथा आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका रितु कुमारी, सहायिका रेनू देवी, आशा कार्यकर्ता आभा कुमारी, जीविका कार्यकर्ता सुधीरा कुमारी, पीएलवी नितीश कुमार राम, शशिकांत झा ‘महात्मा’, हरिश्चंद्र झा, गौरीशंकर झा, त्रिवेणी कान्त झा, जयचंद्र झा, युवराज कुमार झा, लक्ष्मी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

