
फेविकोल के डिब्बों की आड़ में शराब की तस्करी, कंटेनर ट्रक जब्त।
दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक को पकड़ा है। शिवराम गांव से चनमना गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर नवकी पोखर के समीप विभाग की टीम ने संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कंटेनर में फेविकोल के डिब्बों की आड़ में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आई है। शराब को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में इसकी आसानी से पहचान नहीं हो सके।
कार्रवाई के दौरान मद्य निषेध विभाग की टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। कंटेनर को सड़क से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए काफी मशक्कत की गई। बरामद शराब और जब्त कंटेनर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दरभंगा ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मद्य निषेध विभाग की टीम शराब की कुल मात्रा, ब्रांड और अनुमानित कीमत का आकलन कर रही है। साथ ही कंटेनर चालक और इस शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि शराब की यह खेप तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
फेविकोल के डिब्बों के बीच शराब छिपाकर ले जाने का तरीका सामने आने के बाद पुलिस और मद्य निषेध विभाग इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच में जुट गया है।

