
गोलीबारी कर टेंपो एवं नगद की लूट का खुलासा, एक साल बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
दरभंगा: मनीगाछी थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हथियार के बल पर टेंपो चालक से हुई लूट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीगाछी थाना क्षेत्र के बधांत गांव निवासी कृष्णा कामती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस मामले में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई 2025 की रात करीब 2:10 बजे पुताई निवाड़ी मोहम्मद गुलजार अपने टेंपो से मनीगाछी से पुतई जा रहे थे। इसी दौरान सड़क में बधांत स्थित सोई पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने गोली चलाकर उन्हें डराया और हथियार के बल पर उनका टेंपो, दो मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये लूट लिए।
घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर मनीगाछी थाना में कांड संख्या 114/25, दिनांक 01 अगस्त 2025 को धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेनीपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पहले दो आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए घटना में संलिप्त आरोपी अशोक यादव, ग्राम चक्का, थाना बाजितपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। उसकी निशानदेही पर लूटा गया टेंपो बरामद किया गया। इसके अलावा टेंपो खरीदने वाले विजय कुमार ठाकुर उर्फ सोनू, ग्राम मझौरा, थाना बेहरा को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी विजय यादव, पिता योगी यादव, सा0 -विष्णुपुर थाना घनश्यामपुर के घर की विधिवत कुर्की-जप्ती की कार्रवाई भी की थी।
लगातार छापेमारी के बाद कृष्णा कामती गिरफ्तार
मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल कृष्णा कामती घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कृष्णा कामती मनीगाछी थाना क्षेत्र के चनौर स्थित पेट्रोल पंप के पास चाय की दुकान पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और कृष्णा कामती को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा कामती का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ मनीगाछी थाना में पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।
छह मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कृष्णा कामती के खिलाफ मनीगाछी थाना में वर्ष 2024 से 2026 के बीच कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से संबंधित मामला भी शामिल है।

छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपुर, पुनि-सह-थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह तथा मनीगाछी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से करीब एक वर्ष पुराने लूटकांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।


