
मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1753 लीटर विदेशी शराब बरामद।
दरभंगा: जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ मद्यनिषेध विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1753.920 लीटर विदेशी शराब को जब्त किया है। साथ ही शराब ढुलाई करने वाला पिकअप वाहन भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा प्रदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मद्यनिषेध थाना बेनीपुर की टीम ने रात के अंधेरे में मनीगाछी थाना क्षेत्र में मकरंदा गाँव के समीप एक वाहन को रोका। सूचना के बाद तलाशी लेने पर विदेशी शराब की भारी मात्रा मिली।

अधिकारी के अनुसार, इस अभियान से जब्त शराब और पिकअप को विधिसम्मत तरीके से कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए विभाग लगातार सख्त अभियान चला रहा है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

