Home Featured दरभंगा में एएसआई को गोली लगने के मामले में बड़ा खुलासा, खुद की पिस्टल से चली थी गोली; एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई।

दरभंगा में एएसआई को गोली लगने के मामले में बड़ा खुलासा, खुद की पिस्टल से चली थी गोली; एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई।

दरभंगा : सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव में गश्ती के दौरान एएसआई रणधीर कुमार को गोली लगने के मामले में दरभंगा पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि एएसआई को किसी अपराधी ने गोली नहीं मारी थी, बल्कि उनकी अपनी अवैध पिस्टल से अचानक गोली चली थी। इतना ही नहीं, घटना की वास्तविकता छिपाने और अवैध हथियार रखने के मामले में एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

दरभंगा पुलिस की ओर से 12 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 नवंबर को सकतपुर थाना क्षेत्र में पदस्थापित एसआई रणधीर कुमार को गोली लगने की घटना हुई थी। शुरुआती बयान में गश्ती के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारने की बात कही गई थी। इस संबंध में सकतपुर थाना कांड संख्या 139/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बहेरा अंचल के पुलिस निरीक्षक एवं बेनीपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की देखरेख में जांच की गई। घटनास्थल का सत्यापन, सीसीटीवी फुटेज, टावर लोकेशन, पुलिस वाहन के जीपीएस लोकेशन और संबंधित पुलिसकर्मियों के बयानों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

जांच में सामने आया कि 5 नवंबर को दोपहर करीब 14:45 से 15:00 बजे के बीच एएसआई रणधीर कुमार दिवा गश्ती में प्रतिनियुक्त बल के साथ बहुअरवा की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान सरकारी पिस्टल के अतिरिक्त उनके पास मौजूद एक अन्य अवैध पिस्टल को रखने एवं इस्तेमाल करने के क्रम में अचानक गोली चल गई। गोली उनके बाएं पैर में लगी और आर-पार होते हुए पुलिस वाहन के गेट में जा फंसी।

पुलिस वाहन के गेट में फंसी गोली को एफएसएल टीम ने बरामद किया। वहीं, थाना परिसर में छिपाकर रखी गई अवैध देसी पिस्टल भी एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारियों ने बरामद कर जब्त कर ली। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारने की शुरुआती कहानी साक्ष्यों के विपरीत थी।

घटना छिपाने के आरोप में नया मुकदमा

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में तथ्यों को छिपाने, अवैध आग्नेयास्त्र रखने और घटना की वास्तविकता को छिपाने के आरोप में एएसआई रणधीर कुमार के विरुद्ध सकतपुर थाना कांड संख्या 142/26, दिनांक 11 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 217, 229, 238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फिलहाल रणधीर कुमार डीएमसीएच दरभंगा में इलाजरत हैं। उन्हें निलंबित कर दिया गया है और अनुसंधानकर्ता द्वारा गिरफ्तारी की प्रक्रिया की जा रही है।

तीन अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज

इस मामले में गश्ती दल में प्रतिनियुक्त चालक सिपाही नीलेश कुमार, महिला सिपाही मधु कुमारी, गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान और महिला गृह रक्षक चंदन कुमारी की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों को छिपाने के आरोप में चालक सिपाही नीलेश कुमार और महिला सिपाही मधु कुमारी को निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान और चंदन कुमारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी दरभंगा को अनुशंसा भेजी गई है।

दरभंगा पुलिस ने बताया कि गश्ती दल में प्रतिनियुक्त कर्मियों की संलिप्तता के संबंध में आगे भी जांच जारी है।

वहीं इस खुलासे के बाद यह मामला अब महज एक पुलिसकर्मी को गोली लगने की घटना नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस महकमे के भीतर अवैध हथियार रखने और कथित तौर पर घटना की सच्चाई छिपाने का गंभीर मामला बन गया है।

Share