Home Featured सोशल मीडिया पर पिस्टल का वीडियो वायरल करना पड़ा महंगा, चार युवक गिरफ्तार, देसी पिस्टल व कारतूस बरामद

सोशल मीडिया पर पिस्टल का वीडियो वायरल करना पड़ा महंगा, चार युवक गिरफ्तार, देसी पिस्टल व कारतूस बरामद

दरभंगा:  सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो वायरल करना बहेड़ा थाना क्षेत्र के चार युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उनके पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

Advertisement

बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि 17 जून को सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले की जांच एवं सत्यापन के बाद वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान जयंती गांव निवासी काली मुखिया के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार मुखिया के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल उसके मित्र अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाईन निवासी कुश यादव की है।

Advertisement

पुलिस ने कुश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हथियार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी विजय सहनी के पास होने की जानकारी दी। इसके बाद विजय सहनी को गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में बताया कि पिस्टल उसने सोनू कुमार सहनी को दे दी थी।

Advertisement

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धेरुक गुमटी के पास से भागने का प्रयास कर रहे सोनू कुमार सहनी को एक बुलेट मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

एसडीपीओ ने बताया कि चारों आरोपित आपस में मित्र हैं। उनके मोबाइल फोन की जांच में पिस्टल के साथ खिंचवाई गई कई फोटो और वीडियो भी मिले हैं। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Share