
चाकू के बल महिला से मंगलसूत्र छीना, घर से 28 हजार रुपये भी गायब।
दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर गांव के वार्ड नंबर-05 में शुक्रवार की अहले सुबह चोरी की नीयत से घर में घुसने और महिला के साथ लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब तीन बजे की बताई गई है। पीड़िता चंद्रमिला देवी (55) ने सिंहवाड़ा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, वह शौच के लिए उठी थीं। इसी दौरान घर से तोड़फोड़ की आवाज सुनाई दी। आवाज की ओर जाने पर उन्होंने एक युवक को घर का ताला तोड़ते देखा। महिला ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो युवक ने कथित रूप से चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने चाकू से महिला के गले का मंगलसूत्र काटकर छीन लिया और धक्का देकर मौके से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर उनका पुत्र दीपक कुमार भी जाग गया और दोनों ने आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह भाग निकला।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि घटना के दौरान आरोपी के साथ एक महिला भी मौजूद थी। आरोप है कि दोनों चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुए थे। घटना के बाद घर की तलाशी लेने पर बिस्तर के नीचे रखे 28,250 रुपये भी गायब मिले।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में पीड़िता को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में आरोपी के खिलाफ पूर्व में सिंहवाड़ा थाना में दर्ज एक मामले का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

