
ट्रैक्टर से बचने के दौरान पलटी डायल 102 एंबुलेंस, चालक समेत कई घायल।
दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र के अतरवेल-जाले पथ पर सैनिक पेट्रोलियम पंप के पास मंगलवार को ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में डायल 102 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक मिंटू कुमार ठाकुर का हाथ टूट गया, जबकि ईएमटी शिव नारायण साह समेत अन्य सवार भी घायल हो गए। सुलेखा देवी और शांति देवी को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। एंबुलेंस में नवजात शिशु समेत छह लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस अतरवेल-जाले पथ से गुजर रही थी। इसी दौरान सैनिक पेट्रोलियम पंप के समीप खेत से अचानक एक ट्रैक्टर सड़क पर आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक ने एंबुलेंस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी घायलों को जाले सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने चालक मिंटू कुमार ठाकुर की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। ईएमटी शिव नारायण साह को भी चोटें आई हैं।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नुमानी हसन ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया गया है। वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. विवेकानंद झा ने भी दुर्घटना की पुष्टि की है।
बताया गया कि डायल 102 एंबुलेंस सीएचसी से लतराहा गांव जा रही थी। इसमें राखी देवी और उनका नवजात शिशु भी सवार था। राखी देवी को अस्पताल से नवजात के साथ घर पहुंचाया जा रहा था। हादसे में सुशांत कुमार, सुलेखा देवी, शांति देवी समेत अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को सड़क से हटाकर थाने पहुंचाया। जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

