Home Featured पटाखे की चिंगारी से लगी भीषण आग, खजूर का पेड़ जलकर राख; दमकल ने पाया काबू।

पटाखे की चिंगारी से लगी भीषण आग, खजूर का पेड़ जलकर राख; दमकल ने पाया काबू।

दरभंगा: नगर थाना क्षेत्र के मुफ़्ती मोहल्ले में बुधवार की देर शाम पटाखे की चिंगारी से खाली प्लॉट में जमा कचरे में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी ऊंची उठने लगीं कि आसपास के घरों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दहशत में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार की शाम कुछ बच्चे खाली प्लॉट के समीप पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान पटाखे से निकली एक चिंगारी कचरे के ढेर पर जा गिरी। सूखे कचरे और घास के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पास में खड़े एक खजूर के पेड़ को भी अपनी चपेट में ले लिया। पेड़ धू-धू कर जलने लगा।

आग की भयावहता देख मोहल्ले के लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले स्थानीय लोग नाले के पानी और कीचड़ के सहारे आग बुझाने की कोशिश करते रहे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

सदर अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी चंद्र किशोर पासवान ने बताया कि खाली प्लॉट में जमा कचरे में आग लगी थी। समय रहते सूचना मिलने और दमकल की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है।

Share