
डीएम की अध्यक्षता में पीएम-सूर्य घर योजना की प्रगति पर बैठक, 566 घरों पर रूफटॉप सोलर लगाए गये।
दरभंगा: समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पी.एम. सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन व प्रगति समीक्षा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग के सहायक एवं कनीय अभियंता, अधिकृत वेंडर तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने उच्च बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर योजना की जानकारी देने और सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अभियंतागण लगातार ऐसे उपभोक्ताओं के भ्रमण कर रहे हैं और उन्हें योजना के लाभ समझा रहे हैं।
प्रशासन ने प्रत्येक सहायक/कनीय अभियंता को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर उनके आवेदन तैयार कराने का लक्ष्य दिया है। इच्छुक उपभोक्ता पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं; आवेदन के लिए आधार संख्या और बिजली बिल आवश्यक होगा।
बैठक में बताया गया कि अब तक जिले में कुल 566 रूफटॉप सोलर पैनल उपभोक्ताओं के घरों पर स्थापित किए जा चुके हैं। सभी वेंडरों को निर्देश दिया गया है कि चिह्नित इच्छुक आवेदकों को शीघ्र बैंक ऋण के लिए आवेदन करवाएँ। साथ ही, सभी बैंकों से अपेक्षा की गई है कि वे प्राप्त आवेदनों के अनुरोधों का त्वरित निपटारा करें और ऋण स्वीकृति में सहुलियत बरतें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनांतर्गत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने और सक्रियता से कार्य करने का निर्देश भी दिया। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (शहरी) के केशव कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (ग्रामीण) के अमोद कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बेनीपुर के पदाधिकारी, सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता, एलडीएम व वेंडर उपस्थित थे।

