Home Featured पंचायतों को निगम क्षेत्र में शामिल करने पर मंत्री मदन सहनी की दो टूक, बोले- ग्रामीण इलाकों से बेहतर नहीं नगर निगम के वार्ड।

पंचायतों को निगम क्षेत्र में शामिल करने पर मंत्री मदन सहनी की दो टूक, बोले- ग्रामीण इलाकों से बेहतर नहीं नगर निगम के वार्ड।

दरभंगा: ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी सुविधाओं से जोड़ने और विकास का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से पंचायतों को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने की सरकारी योजना पर अब सरकार के ही मंत्री ने सवाल खड़े कर दिए हैं। दरभंगा में शुक्रवार को आयोजित बीस सूत्री की बैठक के दौरान बिहार सरकार के मंत्री एवं बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक मदन सहनी ने अपने विधानसभा क्षेत्र की कुछ पंचायतों को नगर निगम क्षेत्र में शामिल किए जाने पर स्पष्ट आपत्ति जताई।

दरअसल, बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा इस संबंध में मंत्री मदन सहनी से उनका मंतव्य पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि दरभंगा नगर निगम का क्षेत्र काफी पुराना होने के बावजूद वहां के किसी भी मोहल्ले या वार्ड की स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों से अच्छी नहीं है। चाहे सड़क की स्थिति हो, स्वच्छता, पर्यावरण अथवा अन्य बुनियादी सुविधाएं, नगर निगम क्षेत्र की स्थिति ग्रामीण इलाकों से अच्छी नहीं है।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भी यही राय है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 30 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें भी अपनी आपत्ति से अवगत करा चुके हैं।

मंत्री के बयान ने खड़े किए कई सवाल

मंत्री मदन सहनी का यह बयान नगर निगम के विस्तार की सरकारी योजना को लेकर कई अहम सवाल खड़े करता है। जब नगर निगम क्षेत्र में पहले से शामिल वार्डों में ही सड़क, स्वच्छता, पर्यावरण और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों से बेहतर नहीं है, तो फिर पंचायतों को निगम क्षेत्र में शामिल करने के पीछे विकास का आधार क्या होगा?

सवाल यह भी है कि यदि मंत्री की आपत्ति के आधार पर उनके विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों को नगर निगम में शामिल नहीं किया जाता है, तो अन्य पंचायतों को निगम क्षेत्र में शामिल करने के लिए सरकार कौन-सा मानक अपनाएगी?

नगर निगम में शामिल होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी सुविधाएं मिलने की उम्मीद रहती है। लेकिन जब मौजूदा नगर निगम क्षेत्र की व्यवस्था पर ही सरकार के मंत्री सवाल उठा रहे हैं, तो पंचायतों के लोगों के मन में भी इस बदलाव के लाभ को लेकर संशय पैदा होना स्वाभाविक है।

अब देखना यह होगा कि सरकार नगर निगम के विस्तार को लेकर क्या निर्णय लेती है और पंचायतों को निगम क्षेत्र में शामिल करने के लिए विकास एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े किन मानकों को आधार बनाती है।

Share