
दरभंगा की सड़क परियोजनाओं की मुख्यालय स्तर से हो मॉनिटरिंग : मंत्री शैलेंद्र।
दरभंगा: पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने रविवार को दरभंगा की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मुख्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समयसीमा से पीछे चल रही परियोजनाओं को अतिरिक्त संसाधन लगाकर तेज गति से पूरा किया जाए।

मंत्री ने अपने कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में दरभंगा एलिवेटेड रोड, लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड, दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के लिए अप्रोच रोड, दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक एवं पंडासराय रेलवे ओवरब्रिज समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

इसके अलावा शिवधारा-हरपुर पथ के चौड़ीकरण तथा हराही-दिग्घी-गंगासागर पोखर एकीकरण परियोजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में परियोजनाओं के निर्माण में आ रही बाधाओं, भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य तकनीकी अड़चनों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल तथा एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे। सचिव ने बताया कि सभी परियोजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। समयसीमा से पीछे चल रही योजनाओं को गति देने के लिए नियमित समीक्षा के साथ स्थल निरीक्षण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ डिबार करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने रेलवे, वन विभाग और जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ कटाई से संबंधित बाधाओं को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संशोधित लक्ष्य तिथि के भीतर परियोजनाओं को पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

