Home Featured 2011 की जनसंख्या के आधार पर होगा पंचायतों का परिसीमन: मंत्री।
Featured - मुख्य - 1 week ago

2011 की जनसंख्या के आधार पर होगा पंचायतों का परिसीमन: मंत्री।

दरभंगा: बिहार में आगामी पंचायत चुनाव, परिसीमन प्रक्रिया और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश अपने दो दिवसीय दौरे पर दरभंगा पहुंचे।सबसे पहले मंत्री ने जिला परिषद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की और विकास कार्यों का जायजा लिया।

Advertisement

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री दीपक प्रकाश बेनीपुर प्रखंड के रमौली पंचायत पहुंचे। यहाँ उन्होंने RTPS काउंटर का भव्य उद्घाटन किया और नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

Advertisement

इसी क्रम में रमौली पंचायत के मुखिया रौशन कुमार मिश्रा ने मंत्री का ध्यान विकास योजनाओं में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की ओर आकृष्ट कराया।दौरे के दौरान जब पत्रकारों ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर मंत्री से सवाल किए, तो उन्होंने विभागीय तैयारियों को स्पष्ट किया।

मंत्री ने बताया कि पंचायत चुनाव कराने से पूर्व परिसीमन का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इसके उपरांत आरक्षण रोस्टर तैयार किया जाएगा और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।परिसीमन का कार्य समय पर पूरा होते ही चुनाव भी निर्धारित समय पर कराने की पूरी कोशिश रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन का कार्य वर्ष 2011 की कुल जनसंख्या के आधार पर होगा, न कि मतदाताओं की संख्या के आधार पर। साथ ही बताया कि 7,000 से अधिक आबादी वाली पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में जल्द ही विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी।

Share