
मामूली विवाद ने ली चाकूबाजी का रूप, युवक जानलेवा हमले में घायल।
दरभंगा: दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के लहटा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक चाकू घाव के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह केंद्र भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घायल युवक रौशन कुमार ने इलाज के दौरान डीएमसीएच में दिए बयान में बताया कि दो दिन पहले गांव के ही एक किशोर से साधारण बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार देर शाम लोटही पोखर के पास टहलते समय वह किशोर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद जान से मारने की नीयत से रौशन की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान चाकू का एक हिस्सा टूटकर युवक की गर्दन में ही फंस गया, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सबसे पहले बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां ऑपरेशन के बाद गर्दन में फंसे चाकू के टुकड़े को बाहर निकाला गया।

मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि घटना लहटा गांव में मारपीट व चाकूबाजी के रूप में हुई, जिसमें छह–सात लोग शामिल थे। तहकीकात के बाद तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ के बाद उन्हें बाल सुधार गृह केंद्र भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और खोजबीन जारी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से वार्ता की जा रही है और आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता को लेकर संतोष जताया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम की मांग की है।

