Home Featured पुलिस की तत्परता से चार दिन से लापता युवती परिजनों तक पहुंची, सुपौल बाजार में मिली थी भटकती।
Featured - मुख्य - 13 hours ago

पुलिस की तत्परता से चार दिन से लापता युवती परिजनों तक पहुंची, सुपौल बाजार में मिली थी भटकती।

दरभंगा: जिले के बिरौल थाना की पुलिस की तत्परता और संवेदनशील पहल से चार दिनों से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ 20 वर्षीय युवती को उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। शुक्रवार की तड़के करीब चार बजे गश्ती के दौरान पुलिस को सुपौल बाजार स्थित भगत सिंह चौक पर युवती अकेली और भटकती हुई मिली। पुलिस ने तत्काल उसे अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की और उसके परिजनों से संपर्क कर सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। युवती की पहचान बहेरी थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद मुस्तकीम की पुत्री रोशनी खातून के रूप में हुई है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान भगत सिंह चौक पर युवती को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखकर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की। अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बातचीत के दौरान युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुई। उसने पुलिस को अपने पिता का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया और बताया कि उसके पिता दिल्ली में रहते हैं।

पुलिस ने बिना देर किए युवती द्वारा बताए गए नंबर पर उसके पिता से संपर्क किया। बातचीत में पिता ने बताया कि उनकी पुत्री मानसिक रूप से बीमार है और करीब चार दिन पहले घर से निकल गई थी। उसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस की सूचना मिलते ही युवती के चाचा मोहम्मद नाजीर अली बिरौल थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि पहचान की पुष्टि और आवश्यक न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके चाचा के सुपुर्द कर दिया गया।

Advertisement

बिरौल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चार दिनों से लापता युवती सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Share