
माछ, मखान और आम से मजबूत होगी मिथिला की अर्थव्यवस्था, सांसद ने सीएम के समक्ष रखा प्रस्ताव
दरभंगा: मिथिला के सर्वांगीण विकास तथा दरभंगा में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित और निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने मंगलवार को राजधानी पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दरभंगा के सुनियोजित एवं सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. ठाकुर ने मिथिला की संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पाग एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में सांसद ने दरभंगा संसदीय क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में विकास की गति तेज करने तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए विस्तृत रोडमैप पर चर्चा की। उन्होंने दरभंगा के विकास से जुड़े आठ प्रमुख विषयों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
दरभंगा एम्स के निर्माण में तेजी लाने की मांग
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के मुद्दे पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी परियोजना दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने जमीन भराई, बाउंड्री वॉल तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य को शीघ्र आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एम्स की संशोधित परियोजना लागत 2,006.07 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसके तहत अस्पताल भवन, अकादमिक ब्लॉक, आवासीय परिसर एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के साथ चार लेन अप्रोच रोड, निर्बाध जलापूर्ति, जलनिकासी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
शिक्षा एवं अंतरिक्ष अनुसंधान को मिले बढ़ावा
शैक्षणिक विकास को लेकर सांसद ने बेनीपुर एवं बिरौल में प्रस्तावित नए केंद्रीय विद्यालयों के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का आग्रह किया। साथ ही दरभंगा के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से प्रस्तावित केंद्र के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने का विषय उठाया।
आरओबी और एलिवेटेड रोड से सुधरेगी यातायात व्यवस्था
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सांसद ने कंगवा गुमटी, दिल्ली मोड़-बेला एवं दोनार सहित प्रमुख रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने दरभंगा शहर में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या के स्थायी समाधान के लिए एलिवेटेड रोड कॉरिडोर को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार का मुद्दा
दरभंगा एयरपोर्ट की सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए सांसद ने आधुनिक टर्मिनल भवन के निर्माण, रात्रिकालीन विमान परिचालन, कैट-2 लाइटिंग, रनवे विस्तार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई। उन्होंने इन कार्यों के लिए भूमि संबंधी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।
सड़क कनेक्टिविटी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर
सड़क एवं परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सांसद ने आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे, एनएच-27, एनएच-527सी तथा ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाने का मुद्दा उठाया।
इसके अतिरिक्त किसान एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मखाना, मछली एवं आम के उत्पादन, प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउसिंग एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित करने की आवश्यकता बताई, ताकि किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
दरभंगा का विकास संपूर्ण मिथिला की प्रगति का आधार : गोपालजी ठाकुर
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि दरभंगा को आधुनिक आधारभूत संरचना, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर हवाई एवं सड़क कनेक्टिविटी तथा मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्था से युक्त विकसित शहर और जिला बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा का विकास केवल एक संसदीय क्षेत्र का विकास नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मिथिला की आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक प्रगति का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार के समन्वित प्रयासों से दरभंगा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में पहल की जा रही है।

