Home Featured मॉडल विद्यालय शिक्षक चयन: साक्षात्कार व प्रमाण-पत्र सत्यापन शुरू।
Featured - मुख्य - April 23, 2026

मॉडल विद्यालय शिक्षक चयन: साक्षात्कार व प्रमाण-पत्र सत्यापन शुरू।

दरभंगा: मॉडल विद्यालयों में शिक्षकों के चयन के लिए ई-शिक्षाकोष के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों पर आधारित साक्षात्कार एवं शैक्षणिक-प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का सत्यापन आज से शुरू हो गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में यह कार्यक्रम आयोजित किया। प्रक्रिया 25 अप्रैल 2026 तक चलेगी।

सभी अभ्यर्थियों को निर्देश है कि वे पूर्वाह्न 9 बजे स्व-अभिप्रमाणित मूल दस्तावेज लेकर उपस्थित हों। प्रमाण-आधारित मूल्यांकन में हर दावे के समर्थन में प्रमाण-पत्र अनिवार्य होंगे। बोर्ड परीक्षा से जुड़े अंकों के लिए परीक्षक, ऑब्जर्वर या मास्टर ट्रेनर के प्रमाणिक अभिलेख जरूरी हैं। प्रदर्शन के 10 अंकों के दावे पर विद्यालय-स्तरीय नवाचार (प्रधानाचार्य प्रमाणित), शिक्षण सामग्री के फोटो/नमूने, आईटी-आधारित कक्षा वीडियो और बोर्ड परिणामों में योगदान की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। सभी दावों का सत्यापन विद्यालय प्रधान या जिला शिक्षा पदाधिकारी करेंगे।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होकर प्रक्रिया को सफल बनाने की अपील की है। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, केंद्रीय विद्यालय प्राचार्य ऋषि रमण, डाइट प्राचार्य संजय चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Share