
बच्चे को जन्म देते ही मां की हुई मौत, अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप।
दरभंगा: एक अस्पताल की लापरवाही किस प्रकार एक हंसते खेलते परिवार को बर्बाद कर सकता है, इसका एक बड़ा उदाहरण एकबार दरभंगा में देखने को मिला है। परिजनों के आरोप के अनुसार अस्पताल की कथित लापरवाही के कारण बच्चा को जन्म देते ही एक माँ दुनिया छोड़ कर चली गयी और बच्चे को माँ का एक बूंद दूध भी नसीब नहीं हुआ।

दरअसल, एकबार फिर दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगा है। एक प्रसूता की मौत के बाद शुक्रवार देर रात को अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजन ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

मृतका की पहचान कमतौल थाना क्षेत्र के रहने वाले उदित लीलहा की पत्नी 25 साल की जयसूर्या कुमारी के रूप में हुई है। मृतक के पति डीएमसीएच में डाटा ऑपरेटर हैं।

परिजन के अनुसार, जयसूर्या कुमारी गर्भवती थीं और शुक्रवार को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया था कि गर्भ में मौजूद शिशु की हालत गंभीर है, जिसके कारण महिला की भी हालत बिगड़ गई थी और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिससे जयसूर्या कुमारी की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन ट्रेनी डॉक्टर कर रही थी।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।

