
13 साल पुराने मामले में सांसद गोपालजी ठाकुर कोर्ट में पेश।
दरभंगा: 13 वर्ष पुराने आपराधिक मामले में दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर मंगलवार को सांसद-विधायक विशेष कोर्ट में सदेह उपस्थित हुए। उनके अधिवक्ता पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला 12 अगस्त 2013 को चंद्रधारी संग्रहालय के प्रवेश द्वार पर हुए प्रदर्शन और सड़क जाम से जुड़ा है।

अधिवक्ता के अनुसार, उस दिन दर्जनों लोगों के साथ नारेबाजी करते हुए आवागमन बाधित किया गया था। इस संबंध में तत्कालीन प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विधानंद राय ने नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 230/2013 दर्ज कराई थी। इसमें बेनीपुर के तत्कालीन विधायक गोपालजी ठाकुर, दरभंगा विधायक संजय सरावगी सहित दर्जनों नामजद और 150 से 200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।

मामले में भादवि की धारा 147, 353, 149 और 342 के तहत न्यायालय ने 13 मार्च 2013 को संज्ञान लिया था। यह वाद फिलहाल अभियुक्तों की उपस्थिति से संबंधित प्रक्रिया में लंबित है। अदालत में प्रत्येक शुक्रवार को इसकी सुनवाई के लिए तिथि निर्धारित है।
यह प्रदर्शन बिहार सरकार के आदेश के खिलाफ किया गया था। उस समय चंद्रधारी संग्रहालय में संरक्षित मूर्तियों को पटना ले जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन और घेराव किया गया था। तेरह साल बाद भी मामला अब तक केवल उपस्थिति स्तर पर ही लंबित है।

