
एम्स निर्माण में देरी पर चिंतित हुए सांसद गोपालजी ठाकुर, निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग।
दरभंगा: एम्स निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर की चिंता स्पष्ट झलकी है। उन्होंने केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अपर सचिव से नई दिल्ली में मुलाकात कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। सांसद ने मानसून शुरू होने से पहले मिट्टीकरण कार्य पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।

सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एम्स मिथिला क्षेत्र के लिए ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके निर्माण से स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़, सुखाड़ और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहे मिथिला क्षेत्र के लिए एम्स किसी वरदान से कम नहीं होगा।

बैठक के दौरान सांसद ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव को बताया कि दरभंगा एम्स परिसर को जलजमाव और बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि मिट्टीकरण कार्य जल्द शुरू कर मानसून से पहले पूरा करना जरूरी है, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।

सांसद ने बताया कि दरभंगा एम्स के लिए पहले ही 1264 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अलावा 700 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि एम्स बनने के बाद मिथिला, कोशी और तिरहुत क्षेत्र के साथ नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। बिहार सरकार ने जलजमाव और बाढ़ से सुरक्षा के लिए 92.66 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। वहीं 37.82 करोड़ रुपए की लागत से 5.3 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार संतोषजनक नहीं है। सांसद ने इसे जल्द पूरा कराने की मांग की।

