
सांसद का सख्त निर्देश: वाहन चेकिंग में तेजी लाएं, हेलमेट-सीटबेल्ट अनिवार्य।
दरभंगा: समाहरणालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को सांसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। स्थानीय सांसद व लोकसभा भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने अध्यक्षता की। इसमें सांसद डॉ. धर्मशिला गुप्ता, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा व डॉ. विनय कुमार चौधरी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, जिलाधिकारी कौशल किशोर, एसपी जगन्नाथ रड्डी जलरड्डी सहित अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. ठाकुर ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। चौक-चौराहों, स्कूलों व कॉलेजों पर बैनर-होर्डिंग लगाने को कहा। वाहन चेकिंग अभियान बढ़ाने, हेलमेट व सीट बेल्ट अनिवार्य करने तथा नशे में वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए।
चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक बोर्ड लगाने, अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाने, राष्ट्रीय-राज्य मार्गों पर 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना स्थलों पर त्वरित राहत के निर्देश दिए। एनएच व एसएच पर हर 5 किमी पर सुरक्षा बोर्ड, पुलिस सहायता वाहन, एंबुलेंस व अग्निशमन सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
लहेरियासराय-सिमरी मार्ग पर गश्त बढ़ाने, दोनार-कुशेश्वरस्थान पर जाम समाप्त करने, शहर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक सिस्टम लागू करने के आदेश दिए। दिल्ली मोड़ से एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय व महिला महाविद्यालय के आसपास सीसीटीवी लगाने, उर्दू बाजार में ऑटो-ई-रिक्शा चलाने तथा गर्मी में बस-अॉटो स्टैंड पर पेयजल व्यवस्था के निर्देश भी जारी किए।
बैठक में दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा कर सभी निर्णयों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि सड़क हादसों में कमी आए।

