
हराही तालाब में मिला नगर निगम सफाईकर्मी का शव, तीन दिन से था लापता।
दरभंगा: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के भठियारीसराय निवासी नगर निगम सफाईकर्मी कुणाल राम (33) का शव रविवार को शहर के बीच स्थित हराही तालाब में जलकुंभी के बीच बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि कुणाल शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर से चाय पीने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने शुक्रवार और शनिवार को रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोतवाली थाना में उनके लापता होने की सूचना दी गई थी।
रविवार को हराही तालाब में जलकुंभी के बीच उनका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। कुणाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस घर से निकलने के बाद कुणाल की गतिविधियों, उनके संपर्क में आए लोगों, मोबाइल फोन और उनके साथ मौजूद सामान से जुड़े बिंदुओं की जांच कर रही है। शव पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कुणाल की मौत हादसे में हुई, तालाब में डूबने से हुई या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

