
केशव चौधरी हत्या मामले में सात अभियुक्त दोषी करार, 9 सितंबर को सजा पर होगी सुनवाई
दरभंगा: सिविल कोर्ट, दरभंगा के प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अदालत ने हत्या के एक मामले में सात अभियुक्तों को दोषी करार दिया है। मनीगाछी थाना कांड संख्या 162/21 से जुड़े सत्रवाद संख्या 346/21 की सुनवाई पूरी करते हुए अदालत ने चनौर गांव निवासी केशव कुमार चौधरी की हत्या के मामले में गांव के ही राम यादव, विजय यादव, लाल कुमार यादव, अनिल यादव, मटकून यादव, पप्पू यादव और सुनील यादव को दोषी ठहराया।

अदालत ने दोषसिद्ध अभियुक्तों की सजा की अवधि निर्धारित करने के बिंदु पर सुनवाई के लिए 9 सितंबर की तिथि निर्धारित की है।
लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा ने बताया कि 18 जुलाई 2021 की शाम करीब सात से आठ बजे अभियुक्तों ने घर में घुसकर केशव कुमार चौधरी के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना को लेकर मृतक की मां मुन्नी चौधरी के बयान पर मनीगाछी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी रेणु झा ने पैरवी की। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने सभी सात अभियुक्तों को हत्या का दोषी करार दिया। अब अदालत के आगामी फैसले में दोषियों को मिलने वाली सजा पर सबकी नजरें टिकी हैं।

