Home Featured पांच माह से खराब नल-जल योजना, पानी के लिए परेशान ग्रामीण; भाजपा नेता ने डीएम से की कार्रवाई की मांग।
Featured - मुख्य - 3 days ago

पांच माह से खराब नल-जल योजना, पानी के लिए परेशान ग्रामीण; भाजपा नेता ने डीएम से की कार्रवाई की मांग।

दरभंगा: बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र में पेयजल संकट के बीच नल-जल योजना की व्यवस्था को लेकर भाजपा बेनीपुर पश्चिमी मंडल के अध्यक्ष राहुल कुमार कर्ण ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने जिला पदाधिकारी को पत्र देकर शिवराम पंचायत के वार्ड संख्या-16 में पिछले करीब पांच माह से खराब पड़े नल-जल योजना को चालू कराने की मांग की है।

जिला पदाधिकारी को दिए पत्र में राहुल कुमार कर्ण ने कहा है कि बेनीपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सूखे की स्थिति के कारण कई चापाकल पानी नहीं दे रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों के लिए नल-जल योजना का सुचारू संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराम पंचायत के वार्ड संख्या-16 में नल-जल व्यवस्था खराब होने की सूचना संबंधित विभाग को पिछले पांच माह से दी जा रही है, लेकिन अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई है।

Advertisement

पत्र में उन्होंने पीएचईडी बेनीपुर के स्तर से पाइप उपलब्ध नहीं होने की बात कहे जाने का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, विभाग की ओर से कहा गया कि पाइप उपलब्ध होने के बाद ही पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी।

राहुल कुमार कर्ण ने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व वार्ड में पाइप लगाने को लेकर ठेकेदार के लोगों की ओर से काम किया जा रहा था, जिसका पंचायत समिति सदस्य द्वारा विरोध किया गया। पत्र में इस पूरे मामले का वीडियो वायरल होने का भी उल्लेख किया गया है।

भाजपा नेता ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर शिवराम पंचायत के वार्ड-16 में नल-जल योजना की पानी आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए विभाग को इस मामले में तत्काल पहल करनी चाहिए।

Share